वरुण गांधी को गिरफ्तार किया जाना चाहिए: कपिल सिब्बल
नई दिल्ली, 18 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने पीलीभीत से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार वरुण गांधी के कथित सांप्रदायिक भाषण और उनके माफी नहीं मांगने वाले रुख की आलोचना करते हुए कहा है कि राजनीति में ऐसे लोगों के लिए कोई जगह नहीं है और उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाना चाहिए।
वरुण के कथित सांप्रदायिक भाषण की वजह से उनके खिलाफ आपराधिक मामला भी दर्ज किया गया है। सिब्बल ने कहा कि वरुण को गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उनके अपराध को गैर जमानती माना जाना चाहिए।
सिब्बल ने सीएनएन-आईबीएन को दिए साक्षात्कार में कहा, "भारतीय राजनीति में वरुण गांधी जैसे लोगों के लिए कोई जगह नहीं है।"
सिब्बल ने कहा कि यह भाजपा को तय करना है कि वह किस तरह का राष्ट्रीय प्रचार चाहती है। उन्होंने कहा कि वरुण को निर्वाचन आयोग में अपने इस दावे को साबित करना होगा कि भाषण वाली उक्त सीडी के साथ छेड़छाड़ की गई है।
इससे पहले वरुण ने बुधवार को संवाददाताओं के समक्ष लिखित बयान पढ़ते हुए कहा, "मैं गांधी, हिंदू और एक भारतीय हूं।" उन्होंने कहा कि उन्हें भड़काऊ भाषण देते दिखाने वाली उक्त सीडी के साथ छेड़छाड़ की गई है। उसमें ना तो उनकी आवाज है और ना ही उनके शब्द।
"मुझे अपने धर्म पर गर्व है और मैं इसके लिए माफी नहीं मागूंगा।"
उन्होंने कहा, "मैं राजनीतिक साजिश का शिकार हूं। सीडी में मेरे शब्द नहीं हैं और वह आवाज भी मेरी नहीं है। मैं पूरे देश से कहना चाहता हूं कि मेरा साथ दें।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications