वरुण गांधी का माफी मांगने से इंकार, कहा सीडी से हुआ खिलवाड़ (लीड-1)
दिल्ली में बुधवार को संवाददाताओं के समक्ष एक लिखित बयान पढ़ते हुए वरुण ने कहा, "मुझे अपने धर्म पर गर्व है और मैं इसके लिए माफी नहीं मागूंगा।"
उन्होंने कहा, "मैं राजनीतिक साजिश का शिकार हूं। सीडी में मेरे शब्द नहीं हैं और वह आवाज भी मेरी नहीं है। मैं पूरे देश से कहना चाहता हूं कि मेरा साथ दें।"
मेनका गांधी के पुत्र वरुण ने कहा कि वह भारत समर्थक हैं और किसी के खिलाफ नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश एक समुदाय विशेष में विश्वास बहाल करने की थी।
वरुण ने कहा, " मैं समान रूप से 'गांधी, हिंदू और एक भारतीय' हूं। मेरी कोशिश किसी समुदाय के खिलाफ दुर्भावना फैलाने की बिल्कुल नहीं थी और मैं सभी धर्मो और पंथों का समर्थन करता हूं।"
उन्होंने पीलीभीत का हवाला देते हुए कहा कि यह संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्र है और यहां हथियारों की तस्करी की व्यापक आशंका रहती है।
उल्लेखनीय है कि वरुण के खिलाफ कथित तौर पर वैमनस्य फैलाने वाले भाषण देने के लिए आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications