लक्ष्मणानंद हत्या को मुद्दा बनाएगी भाजपा

पार्टी के चुनाव अभियान की सोमवार को शुरुआत करते हुए पार्टी की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज ने विहिप नेता की हत्या के लिए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को जिम्मेदार ठहराया। स्वामी लक्ष्मणानंद की हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार न किए जाने के लिए भी सुषमा ने पटनायक की कड़ी आलोचना की।
पार्टी की विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए सुषमा ने बीजू जनता दल (बीजद) पर धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को हर हाल में पाठ पढ़ाएगी।
उन्होंने कहा, "मैं यहां नवीन पटनायक को यह बताने आई हूं कि जनता उन्हें बर्दाश्त नहीं करेगी और सत्ता से उखाड़ बाहर फेंकेगी।"
उन्होंने कहा, "स्वामीजी की हत्या के आरोपी खुले आम घूम रहे हैं और भाजपा कार्यकर्ताओं को जेल में बंद किया गया है।"
उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव में सीटों के तालमेल को लेकर सहमति न बन पाने के चलते उड़ीसा में भाजपा-बीजद का 11 वर्षो पुराना गठबंधन टूट चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications