अमेरिका का पाक के राजनीतिक संकट के समाधान में भूमिका से इंकार
वाशिंगटन, 17 मार्च(आईएएनएस)। अमेरिका ने पाकिस्तान के बर्खास्त मुख्य न्यायाधीश इफ्तिखार चौधरी की सेवा बहाली की मांग को लेकर जारी विवाद के समाधान का श्रेय पाकिस्तानी नेताओं को दिया है। उसने इस विवाद के हल में अपनी भूमिका होने से साफ इंकार किया है।
अमेरिका ने इसका खंडन किया है कि उसके दबाव में पाक सरकार को पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की मांग स्वीकार करनी पड़ी। विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने सोमवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "इस राजनीतिक संकट का समाधान पाकिस्तानी नेताओं ने खुद निकाला है। मैं समझती हूं कि चौधरी को मुख्य न्यायाधीश पद पर बहाल करने का सरकार का फैसला पाकिस्तान में सुलह और मेल-मिलाप की राजनीतिक की दिशा में अहम कदम है।"
यूं तो हिलेरी ने शनिवार को पाक राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी से बातचीत की थी, पर उन्होंने इससे इंकार किया कि अमेरिका के दबाव में यह समाधान निकला है। उन्होंने कहा कि सरकार की इस पहल से देश में राजनीतिक स्थायित्व बहाल होगा। हिलेरी ने कहा, "आतंकवाद से निपटने में पाकिस्तान की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। ऐसे में पाकिस्तान में शांति बहाल होना जरूरी है। आतंकवाद हमारा साझा दुश्मन है और हम पाकिस्तान के साथ मिलकर इससे निपटने का प्रयास जारी रखेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications