भाजपा, संघ से प्रेरित वरुण का बयान: लालू

नई दिल्ली में बिहार में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के बीच सीटों के तालमेल की घोषणा करने के दौरान लालू ने कहा, "वरूण का बयान न सिर्फ आपत्तिजनक है बल्कि सांप्रदायिक भी है। यह बयान अकेले वरूण का नहीं है बल्कि भाजपा और संघ परिवार का भी है। इसकी जितनी निंदा की जाए कम है।"
उन्होंने कहा, "संघ और भाजपा लोकसभा चुनाव से पहले देश के चुनावी माहौल को सांप्रदायिक करना चाहते हैं।" भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी पर चुटकी लेते हुए लालू ने कहा, "मैंने पहले भी कहा है और फिर कह रहा हूं कि आडवाणी की कुंडली में प्रधानमंत्री बनने का योग नहीं है। मेरी इस भविष्यवाणी के बाद लोग तो अब यह चर्चा करने लगे हैं कि लालू वाकई में तांत्रिक तो नहीं।"
उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी चुनाव आयोग में इसकी शिकायत करेगी और वरूण के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगी।
लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के सुप्रीमो रामविलास पासवान ने कहा, "चुनाव आयोग ऐसे आपत्तिजनक भाषणों की इजाजत नहीं देता। उन्हें चुनाव लड़ने के अयोग्य करार दिया जाना चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications