बांग्लादेश में 12 आतंकवादी संगठन सक्रिय हैं: गृह मंत्रालय
ढाका, 17 मार्च(आईएएनएस)। बांग्लादेश के गृह मंत्रालय की एक रिपोर्ट के मुताबिक देश में 12 आतंकवादी संगठन सक्रिय हैं। प्रधानमंत्री शेख हसीना ने इन संगठनों की सक्रियता के बारे में व्यापक रिपोर्ट तलब करते हुए उस पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि ये सभी 12 संगठन देश में बेरोकटोक अपनी खतरनाक गतिविधियां चला रहे हैं। इन चरमपंथी संगठनों की सक्रियता तेजी से बढ़ रही है। 'न्यू एज' अखबार के अनुसार हसीना इस रिपोर्ट से चिंतित हैं और उन्होंने इस बारे में व्यापक ब्यौरा मांगा है। कैबिनेट की बैठक में इस मसले पर गहन मंथन हुआ।
अखबार ने लिखा है कि हसीना इन संगठनों के नेटवर्क के बारे में गहन जानकारी चाहती हैं, ताकि उनके खिलाफ सघन कार्रवाई हो सके। सोमवार को हसीना की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आतंकी संगठनों के वित्तीय स्रोत, उनके संपर्क नेटवर्क और राजनीतिक ताल्लुकात पर चर्चा हुई। गृह सचिव अब्दुस सोभान सिकदर द्वारा पेश इस रिपोर्ट में जिन संगठनों की चर्चा है, उनमें जमातुल मुजाहिदीन बांग्लादेश का नाम सबसे ऊपर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications