टिकट न मिलने पर साधु यादव कांग्रेस में शामिल
यादव ने कांग्रेस नेता सुशील कुमार शिंदे और इकबाल सिंह के साथ यहां आयोजित एक पत्रकार वार्ता में संवाददाताओं को बताया, "मैं कांग्रेस में शामिल हो चुका हूं। मैंने उन्हें अपनी शिकायतें बता दी हैं। मैं हर हाल में चुनाव लड़ूंगा, लेकिन कहां से और कैसे लड़ूंगा इसका निर्णय पार्टी हाईकमान को करना है।"
बिहार की गोपालगंज सीट से सांसद यादव ने दिन में लालू प्रसाद यादव पर सीटों के बंटवारे के मामले में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष रामविलास पासवान के आगे घुटने टेकने का आरोप लगाया था।
यादव ने कहा, "मैं वर्तमान सांसद हूं और चुनाव जीतता रहा हूं। प्रकाश झा की कोई औकात नहीं है, फिर भी उन्हें बेतिया सीट से टिकट दिया गया है। जबकि स्वतंत्र प्रत्याशी के तौर पर वह पिछली बार चुनाव हार गए थे। इससे साफ होता है कि लालू प्रसाद ने रामविलास पासवान के आगे घुटने टेक दिया है।"
यादव ने कहा, "मैं बेतिया और मोतिहारी दोनों सीटों से चुनाव लड़ूंगा। ये दोनों सीटें लोजपा को दे दी गई हैं।"
लालू यादव से घनिष्ठ रिश्ता होने के सवाल पर यादव ने कहा, "राजनीति में कोई रिश्ता नहीं होता। मैं जो कर रहा हूं, उसका मेरे निजी रिश्ते के साथ कोई ताल्लुक नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications