जबलपुर विश्वविद्यालय की गड़बड़ियों की जांच के आदेश
भारतीय जनता पार्टी के विधायक विश्वास सारंग ने ध्यानाकर्षण के जरिए आरोप लगाया कि रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एस़ एम़ पाल खुराना के कार्यकाल में गड़बड़ियों का बोल वाला है। बगैर योग्यताधारी कर्मचारियों को पदोन्नतियां दी जा रही हैं, साथ ही विश्वविद्यालय का अतिथि गृह होने के बावजूद अतिथियों को होटल में ठहराने के नाम पर अनावश्यक व्यय जारी है और दीक्षांत समारोह की आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए एक व्यक्ति को मानद डीलिट की उपाधि दे दी गई। इतना ही नहीं विश्वविद्यालय में अशांति का माहौल है।
उच्च शिक्षा मंत्री अर्चना चिटनीस ने विश्वविद्यालय का माहौल बिगड़ने के आरोप को नकारते हुए कहा कि पदोन्नति और वित्तीय गड़बड़ियों की जो शिकायत आई है उसकी वे जांच कराएंगी। विधानसभा अध्यक्ष ईश्वर दास रोहाणी के हस्तक्षेप पर चिटनीस ने उच्च शिक्षा सचिव से एक माह में जांच पूरी कराने का भरोसा दिलाया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications