अबू सलेम ने संजय दत्त को चुनाव जीतने की शुभकामनाएं दीं
लखनऊ, 17 मार्च(आईएएनएस)। माफिया डान सलेम ने लखनऊ लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी(सपा) के प्रत्याशी और बालीवुड अभिनेता संजय दत्त को चुनाव जीतने की शुभकामनाएं दी हैं।
अबू सलेम ने अपनी शुभकामनाएं अपने वकील एवं चचेरे भाई राशिद खान के माध्यम से व्यक्त की। राशदि खान ने मंगलवार को लखनऊ में संवाददाताओं से कहा कि अबू सलेम की इच्छा है कि लखनऊ से मुन्नाभाई की जीत हो। उसने संजय दत्त को जीत की शुभकामनाएं दी हैं।
ज्ञात हो कि संजय दत्त और अबू सलेम 1993 के मुंबई सिलसिलेवार बम धमाकों के आरोपी हैं। सलेम की किसी दल से चुनावी मैदान में उतरने के सवाल पर खान ने कहा कि कई दलों ने सलेम से चुनाव लड़ने के लिए संपर्क किया लेकिन सलेम ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया।
सलेम को मंगलवार को फर्जी पासपोर्ट मामले में लखनऊ की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की अदालत में पेशी के लिए मुंबई पुलिस द्वारा लखनऊ लाया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications