बीजद ने तीसरे मोर्चे के साथ सिर्फ 'सहयोग' पर ही सहमति जताई : जय पांडा
नई दिल्ली, 17 मार्च(आईएएनएस)। भाजपा के साथ 11 वर्ष पुराने अपने सियासी रिश्ते को तोड़ देने वाले बीजू जनता दल (बीजद) ने कहा है कि उसने तीसरे मोर्चे के साथ सिर्फ 'सहयोग' करने पर ही सहमति जताई है।
बीजद सांसद और उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के विश्वासपात्र जय पांडा ने आईएएनएस के साथ बातचीत में कहा, "किसी औपचारिक तीसरे मोर्चे का फिलहाल कोई अस्तित्व नहीं। हमने गैर-भाजपा और गैर-कांग्रेस दलों के साथ सहयोग करने का फैसला किया है।"
एक तीसरे विकल्प के बारे में पूछे जाने पर पार्टी की राय स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी सीटों के बंटवारे, संयुक्त चुनाव प्रचार अभियान और चुनाव बाद गैर-भाजपा और गैर-कांग्रेस सरकार के निर्माण के लिए दूसरे राजनीतिक समूहों के साथ बात करेगी। उन्होंने पटनायक के इस दृष्टिकोण को फिर से दोहराया कि बीजद भाजपा या कांग्रेस में से किसी भी दल के नेतृत्व में बनने वाली सरकार में शामिल नहीं होगा।
राज्यसभा सदस्य पांडा ने इस चर्चा को आधारहीन बताया कि खुद पटनायक की नजर भी प्रधानमंत्री की कुर्सी पर लगी हुई है। उन्होंने कहा, "नवीन पटनायक खुद यह कह चुके हैं कि वह उड़ीसा की जनता की सेवा करते रहना चाहते हैं। पटनायक का अंत:करण इस मामले में बिल्कुल साफ है।"
उन्होंने भाजपा के इस दावे को भी खारिज कर दिया कि भाजपा से नाता तोड़ने से बीजद को भारी नुकसान होगा और कांग्रेस को लाभ होगा। पांडा ने कहा, "पटनायक की लोकप्रियता लगातार बढ़ती गई, पर भाजपा जमीनी हकीकत को भांप नहीं पाई। कांग्रेस भी राज्य में लगातार कमजोर होती जा रही है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications