अबू सलेम लखनऊ में सीबीआई अदालत में पेश (लीड-1)
अबू सलेम को फर्जी पासपोर्ट मामले में यहां सीबीआई की विशेष अदालत में न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीबीआई) सैफ अहमद के समक्ष पेश किया गया। मजिस्ट्रेट सैफ अहमद ने इस मामले के जांच अधिकारी के उपस्थित नहीं हो पाने की वजह से मामले की सुनवाई की तिथि 31 मार्च निर्धारित कर दी।
इससे पहले मंगलवार सुबह मुंबई पुलिस सलेम को लेकर लखनऊ के कैसरबाग पुलिस थाने पहुंची जहां से उसे कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया गया।
लखनऊ के पुलिस प्रमुख नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने संवाददाताओं को बताया कि सलेम की पेशी के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे।
पंद्रह साल पहले फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लखनऊ क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय से पासपोर्ट हासिल करने के मामले में अबू सलेम और उसकी पत्नी समीरा जुमानी एवं अन्य को अभियुक्त बनाया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुंबई पुलिस मंगलवार देर शाम ही सलेम को लेकर मुंबई वापस चली जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications