उड़ीसा में नवीन और जे. बी. पटनायक के खिलाफ किन्नर उतरेंगे मैदान में
भुवनेश्वर, 17 मार्च (आईएएनएस)। उड़ीसा विधानसभा के आगामी चुनाव में मुख्यमंत्री व बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जे. बी. पटनायक और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विश्वभूषण हरिचंदन को कुछ अस्वाभाविक प्रतिद्वंद्वियों से दो-दो हाथ करना पड़ सकते हैं।
किन्नरों के एक संघ ने एलान किया है कि आगामी चुनावों में वह प्रदेश के सभी दलों के आला नेताओं के खिलाफ अपने उम्मीदवार उतारेगा। किन्नरों का आरोप है तीनों प्रमुख दलों ने आम आदमी के साथ धोखा और किन्नरों को नजरअंदाज किया है।
उड़ीसा किन्नर संघ के अध्यक्ष प्रताप साहू ने आईएएनएस से कहा, "नवीन पटनायक, जे. बी. पटनायक और हरिचंदन के खिलाफ हमने अपने उम्मीदवार उतारने का फैसला कर लिया है। हमें अपने अधिकारों के लिए लड़ना है और यही बेहतर तरीका है।"
साहू ने कहा, "हमने खुर्दा जिले के बोलागढ़ सीट से अपने उम्मीदवार का नाम भी तय कर लिया है। इस सीट से जानकी बाबू के लड़ने की उम्मीद है।"
उन्होंने कहा, "हम भुवनेश्वर और आस्का सीट पर भी अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी में हैं। भुवनेश्वर से हरिचंदन और आस्का से नवीन पटनायक के चुनाव लड़ने की संभावना है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications