बीमार गुडी से शिल्पा की मुलाकात नहीं हो सकी (लीड-1)
मुंबई/लंदन, 17 मार्च (आईएएनएस)। रियलिटी टीवी स्टार जेड गुडी इतनी बीमार है कि सेलिब्रिटी बिग ब्रदर की अपनी 'हाउसमेट' और बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी से भी नहीं मिल सकती हैं।
कैंसर से जूझ रही टेलीविजन कलाकार जेड गुडी से मुलाकात करने बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी लंदन गई थी लेकिन उन्हें इसकी इजाजत नहीं मिली।
शिल्पा ने आईएएनएस से कहा कि गुडी की हालत बेहद नाजुक है, इस कारण उन्हें गुडी से मिलने की अनुमति नहीं मिली। चिकित्सकों के अनुसार गुडी अब कुछ ही घंटों की मेहमान हैं।
शिल्पा ने कहा, "गुडी से मुलाकात करने की मेरी दिल से इच्छा थी लेकिन अफसोस कि ऐसा हो न सका। उनसे मिलने की इजाजत केवल उनके पति और उनकी मां को है।"
गुडी के प्रचार प्रबंधक मैक्स क्लिफर्ड ने इस बात की पुष्टि की है कि गुडी इतनी बीमार है कि वह शिल्पा से नहीं मिल सकती है। उन्होंने कहा कि शिल्पा इस बात को बखूबी समझती हैं।
शिल्पा गंभीर रूप से बीमार अपनी मित्र से इसी सप्ताह मिलना चाहती थीं। इससे पहले वह अपनी व्यस्तताओं की वजह से गुडी की शादी में शामिल नहीं हो पाई थीं।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2007 में ब्रिटिश रियलिटी शो बिग ब्रदर में जेड गुडी पर आरोप लगे थे कि उन्होंने शिल्पा के साथ नस्लवादी बर्ताव किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications