उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया से लगी सीमा खोली
सियोल, 17 मार्च(आईएएनएस)। उत्तर कोरिया ने काईसोंग औद्योगिक परिसर में कई दिनों से फंसे सैकड़ों दक्षिण कोरियाइयों के लिए इस परिसर से जुड़ी सीमा पट्टी खोल दी है। उत्तर कोरिया ने अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास के विरोध में यह सीमा बंद कर दी थी।
उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया के 500 लोगों को प्रवेश की इजाजत दे दी है, वहीं उस परिसर में फंसे 300 अन्य दक्षिण कोरियाइयों को वहां से जाने की अनुमति दी गई है। सियोल में रक्षा मंत्रालय के एक बयान में यह कहा गया है। इस सीमा के खोले जाने के साथ ही इस औद्योगिक परिसर में काम कर रही 90 से अधिक कपंनियों के लिए माल की आपूर्ति बहाल हो गई है।
डीपीए न्यूज एजेंसी के मुताबिक दक्षिण कोरिया और अमेरिका के संयुक्त सैन्य अभ्यास के मद्देनजर उत्तर कोरिया ने अपनी सेना को सतर्क कर दिया था। उसने दक्षिण कोरिया के साथ संचार संपर्क भी भंग कर दिया था और यात्रियों के पंजीकरण के लिए इस्तेमाल हॉट लाईन को भी बंद कर दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications