मलेशियाई भारतीय सांसद के खिलाफ राजद्रोह का मामला
कुआलालंपुर, 17 मार्च(आईएएनएस)। मलेशिया की एक अदालत में भारतीय मूल के सांसद करपाल सिंह के खिलाफ अभियोग तय हुआ है। उनके खिलाफ राजद्रोह का मुकदमा चलेगा। उन पर पेराक प्रांत के संवैधानिक प्रमुख सुल्तान अजलान शाह को अदालत में घसीटने की धमकी देने और प्रधानमंत्री महाथिर मोहम्मद की नीतियों की अवमानना करने का आरोप है।
इस कानूनी पहल से ठीक एक रोज पहले करपाल सिंह के सांसद पुत्र गोविंद सिंह देव को देश की संसद दीवान रकयात से निलंबित कर दिया गया था। उन्होंने देश के उप प्रधानमंत्री नजीब तुन रजाक पर एक मंगोलियाई महिला व्यापारी की हत्या की साजिश में शरीक होने का आरोप लगाया था।
स्टार ऑनलाइन के मुताबिक अदालत में करपाल सिंह को उनके खिलाफ लगे आरोप का दस्तावेज पढ़कर सुनाया गया। अभियोजन पक्ष ने इस मामले को उच्च न्यायालय में स्थानांतरित करने की अपील की। न्यायाधीश मोहम्मद सेकेरी ममट ने यह अपील स्वीकार कर ली। करपाल सिंह का आरोप है कि सुल्तान अजलान शाह अपने संवैधानिक दायरे का उल्लंघन कर रहे हैं। उन्होंने शाह को अदालत में घसीटने की धमकी दी। प्रशासन ने प्रांतीय संवैधानिक प्रमुख के बारे में उनके बयान को राजद्रोह का मामला करार दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications