तीसरा मोर्चा मेढ़कों की जमात : शरद यादव
पटना, 16 मार्च (आईएएनएस)। जनता दल-युनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने कहा है कि तीसरा मोर्चा मेढ़कों की जमात है और उसे तौलने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगामी लोकसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के बीच ही है।
पटना में सोमवार को पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि दो-चार दिनों में बिहार में जदयू के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि एक-दो दिनों में पार्टी की बैठक होगी जिसमें प्रत्याशियों के नाम तय किए जाएंगे।
खुद के चुनाव लड़ने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि यह सोचना पार्टी का काम है। पार्टी जहां से मुझे टिकट देगी वहीं से चुनाव लड़ूंगा।
दलित को अगला प्रधानमंत्री बनाए जाने की उठाई जा रही मांगों पर उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि भारत में किसी को भी प्रधानमंत्री बनने के लिए सोचने की मनाही नहीं है। उन्होंने कहा कि मशहूर हास्य कलाकार जसपाल भट्टी भी प्रधानमंत्री बनने की बात करते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications