शरत सब्बरवाल पाकिस्तान में भारत के नए उच्चायुक्त
सब्बरवाल इस समय विदेश मंत्रालय में प्रशासन, दूतावासीय, पासपोर्ट और वीजा मामलों संबंधी विभाग का प्रभार संभाले हुए हैं। वह पाकिस्तान में भारत के उच्चायुक्त रहे सत्यव्रत पॉल का स्थान लेंगे। पॉल का कार्यकाल 28 फरवरी को समाप्त हो गया था।
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में सब्बरवाल के नए दायित्व के बारे में कहा गया है, "वह जल्द ही अपना कार्यभार संभालेंगे।"
भारतीय विदेश सेवा के 1975 बैच के अधिकारी सब्बरवाल इससे पहले 1995-1999 के दौरान पाकिस्तान में भारत के उप उच्चायुक्त पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
वह जेनेवा में भारत के स्थायी प्रतिनिधि और उज्बेकिस्तान में उप उच्चायुक्त के पद पर भी रह चुके हैं।
सब्बरवाल ऐसे समय में पाकिस्तान जा रहे हैं जब भारत 26 नवंबर के मुंबई हमलों के पीछे पाकिस्तानी तत्वों के हाथ होने की बात कह रहा है।
भारत पाकिस्तान की ओर से इन हमलों की जांच के सिलसिले में भेजे गए 30 प्रश्नों के जवाब भी उसे भेज चुका है। इसके अलावा इस समय पाकिस्तान की राजनीति में भी काफी उठा-पटक का दौर चल रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications