तीसरे मोर्चा प्रधानमंत्री का फैसला चुनाव बाद करेगा
उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री व बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की मुखिया मायावती द्वारा आयोजित रात्रि भोज के कुछ समय पहले तीसरे मोर्चे के घटक दलों ने यह फैसला किया।
जनता दल-सेक्युलर (जेडीएस) के प्रवक्ता दानिश अली ने आईएएनएस को बताया, "चुनाव से पहले प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा नहीं की जाएगी। इस बारे में कोई भी फैसला चुनाव के बाद लिया जाएगा।"
तीसरे मोर्चे के घटक दलों की यहां हुई बैठक में पहली बार बीजू जनता दल (बीजद) ने हिस्सा लिया। बीजद की ओर से राज्यसभा सदस्य जय पांडा इस बैठक में शामिल हुए।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) मुख्यालय में हुई इस बैठक में चारों वामपंथी दलों के अलावा बीजद, जेडीएस, आल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके), तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) और तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) ने हिस्सा लिया।
अली ने कहा, "यह बैठक उन राजनीतिक दलों की थी जो अगला लोकसभा चुनाव साथ मिलकर लडें़गे।"
फारवर्ड ब्लॉक के नेता जी. देवराजन ने कहा कि झारखंड विकास मोर्चा के मुखिया व झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी भी इस मोर्चे में शामिल होंगे।
उन्होंने दावा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग), और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के कई घटक दल भी इस मोर्चे में शामिल होंगे।
इससे पहले, माकपा नेता सीताराम येचूरी ने आज दोपहर जनता दल-युनाइटेड (जदयू) के अध्यक्ष शरद यादव से उनके निवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं की इस मुलाकात को तीसरे मोर्चे को आगे बढ़ाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications