उलेमा काउंसिल ने की वाराणसी साम्प्रदायिक घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग
उलेमा काउंसिल के संयोजक मौलाना आमिर रशीद मदनी ने रविवार को आईएएनएस से कहा कि वाराणसी के अल्पसंख्यक बाहुल्य इलाके में गत बुधवार को प्रशासन की मौजूदगी में मस्जिद की पवित्रता को भंग कर निर्दोष मुसलमानों को शहीद और जख्मी किया गया।
उलेमा काउंसिल सरकार से मांग करती है कि वह इस घटना की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी प्रशासिनक अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई करे।
मदनी ने कहा कि साथ ही सरकार पुलिस की बर्बरता का शिकार होकर शहीद होने वालों के परिजनों को दस-दस लाख और घायलों को दो दो लाख रूपये मुआवजा दे।
मदनी ने कहा कि काउंसिल सुल्तानपुर के दोस्तपुर में साम्प्रदायिक दंगा भड़काकर मुसलमानों की दुकानें जलाए जाने की घटना की निंदा करते हुए इस घटना की भी उच्चस्तरीय जांच की मांग करती है।
उल्लेखनीय है कि वाराणसी में गत बुधवार को साम्प्रदायिक हिंसा की घटना में पुलिस द्वारा चलाई गई गोली में दो लोगों की मौत हो गई थी और सुल्तानपुर के दोस्तपुर में दो गुटों में टकराव के बाद संप्रदायिक झड़प में कई दुकानों को निशाना बनाया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications