चैपलिन मूर्ति विवाद से अचंभित हैं फिल्म निर्माता हेगड़े
हेगड़े बहरहाल इस योजना के विकल्प पर काम कर रहे हैं। इस बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस विरोध को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है।
हेगड़े ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "कट्टरपंथियों के इस विरोध से मुझे गहरा धक्का लगा है। मैंने इसके लिए उपायुक्त से आदेश पारित करवाया था।"
हेगड़े ने कहा कि हिन्दू संगठनों से जुड़े कुछ लोगों ने यह कहते हुए इस योजना का विरोध किया है कि वे प्रस्तावित स्थान पर किसी ईसाई की मूर्ति नहीं लगने देंगे क्योंकि पास में ही एक मंदिर है।
उन्होंने कहा, "अब मैं राज्य सरकार से इस मूर्ति को भटकल या कारवार बीच में स्थापित किए जाने की अनुमति लूंगा। यदि मुझे अनुमति नहीं मिली तो मैं अपनी भावनाओं को फिल्म में उकेर नहीं पाऊंगा।"
हेगड़े अपनी फिल्म 'हाउसफुल' के लिए मारावंथे बीच पर चार्ली चैपलिन की प्रतिमा स्थापित करना चाहते थे।
इस बीच, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने नई दिल्ली में आईएएनएस से कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। हम ऐसी घटनाओं का हमेशा विरोध करते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications