हिमाचल में गरमाई चुनावी राजनीति
कांग्रेस ने शनिवार को शिमला, कांगड़ा और मंडी से अपने उम्मीदवारों के नामों का एलान कर दिया जबकि हमीरपुर से वह अपना उम्मीदवार अभी तक तय नहीं कर पाई है। भाजपा ने वहां से मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के बेटे और मौजूदा सांसद अनुराग ठाकुर को चुनाव मैदान में उतारा है।
बहरहाल, कांग्रेस ने मंडी से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। सिंह 26 वर्ष बाद लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर उनका मुकाबला भाजपा के टिकट पर दो बार सांसद रह चुके महेश्वर सिंह से है। वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह मौजूदा लोकसभा में मंडी से सांसद हैं।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने भी पहली बार इस सीट पर अपना उम्मीदवार उतारा है। पार्टी ने ओंकार शाद को यहां से टिकट दिया है।
कांग्रेस ने अपने मौजूदा सांसदों धनीराम शांडिल्य को शिमला और चंद्र कुमार को कांगड़ा से टिकट दिया है। चंद्र कुमार ने वर्ष 2004 के चुनाव में भाजपा के दिग्गज नेता शांता कुमार को हराया था जबकि शांडिल्य ने एच. एन. कश्यप को हराया था।
राज्य की चार में से तीन सीटों पर फिलहाल कांग्रेस का कब्जा है। कांग्रेस के पास मौजूदा सीटों को बचाने की चुनौती है। हमीरपुर सीट फिलहाल भाजपा के कब्जे में है। कांग्रेस की ओर से इस सीट पर सिने तारिका प्रीति जिंटा, क्रिकेटर मदनलाल और हाल ही में भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए नरेन्द्र ठाकुर को टिकट दिए जाने की चर्चा जोरों पर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications