बीजद-भाजपा का गठबंधन टूटने से कांग्रेस को होगा फायदा : मित्रा (लीड-1)
नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और वरिष्ठ पत्रकार चंदन मित्रा का मानना है कि उड़ीसा में बीजू जनता दल (बीजद)और भाजपा के बीच गठबंधन टूटने का सीधा फायदा कांग्रेस को होगा, लेकिन यह भी मुमकिन है कि चुनाव के बाद दोनों दल एक बार फिर साथ आ जाए।
मित्रा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "गठबंधन के टूटने का सीधा फायदा कांग्रेस को होता दिख रहा है।" हालांकि मित्रा ने कहा कि चुनाव के बाद दोनों दल एक बार फिर साथ आ सकते हैं।
पिछले सप्ताह मित्रा से ही बातचीत के बाद बीजद अध्यक्ष और उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने अपनी ओर से गठबंधन समाप्त करने की घोषणा की थी। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी ने पटनायक से बातचीत के लिए मित्रा को उड़ीसा भेजा था।
मित्रा के मुताबिक पटनायक चाहते थे कि राज्य की कुल 147 विधानसभा सीटों में से भाजपा केवल 31 पर चुनाव लड़े, जबकि मौजूदा विधानसभा में ही भाजपा के 32 विधायक हैं। इसी तरह लोकसभा के लिए वह भाजपा को केवल पांच सीटें देना चाहते थे, जबकि मौजूदा लोकसभा में ही भाजपा के 7 सांसद हैं।
मित्रा ने कहा, "पटनायक की यह पेशकश स्वीकार करना भाजपा के लिए संभव नहीं था। आखिर कोई भी स्वाभिमानी राजनीतिक दल इस तरह की पेशकश कैसे स्वीकार कर सकता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications