चिरंजीवी ने किया एनटीआर का रिकार्ड तोड़ने का दावा (लीड-1)

हैदराबाद, 15 मार्च (आईएएनएस)। दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपर स्टार चिरंजीवी की पार्टी 'प्रजा राज्यम' के गठन को अभी आठ महीने ही हुए हैं और वे दावा करते हैं कि राज्य में अगली सरकार उनकी ही बनेगी। उनका यह दावा यदि सही साबित होता है तो वे आंध्रप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. टी. रामाराव द्वारा तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के गठन के नौ महीने के भीतर सरकार बनाने के रिकार्ड को तोड़ देंगे।

चिरंजीवी को पूरा भरोसा है कि राज्य विधानसभा के आगामी चुनाव में उनकी पार्टी 'प्रजा राज्यम' को न सिर्फ भारी सफलता मिलेगी बल्कि राज्य में अगली सरकार भी उसी की बनेगी।

चिरंजीवी ने आईएएनएस से एक विशेष साक्षात्कार में कहा, "मुझे पूरा यकीन है कि सरकार बनाने के लिए आवश्यक आंकड़ा हम जुटा लेंगे।"

आगामी विधानसभा में खंडित जनादेश मिलने की संभावनाओं को उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, "खंडित जनादेश मिलने की संभावनाओं को मैं पूरी तरह खारिज करता हूं। आगामी चुनाव में हमारी पार्टी भारी मतों से जीतेगी और हम सरकार बनाएंगे।"

उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने हमारे कार्यकर्ताओं को हतोत्साहित करने के लिए चुनाव पूर्व सर्वेक्षण करवाएं हैं लेकिन जनता इस बात को समझ रही है इसलिए लोग हमारी पार्टी को मजबूत करने के लिए खुद से आगे आ रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि आगामी 16 और 23 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के साथ-साथ राज्य विधानसभा के चुनाव होने हैं।

चुनावी रैलियों में उमड़ रही भीड़ को वोट में तब्दील करने के बारे में पूछे जाने पर चिरंजीवी ने कहा, "रैलियों में जुट रही भीड़ को वोट में तब्दील करने की जिम्मेदारी मेरी है। हमारी योजनाएं और हमारे वादे लोगों को हमारे पक्ष में वोट डालने को बाध्य करेंगे।"

यह पूछे जाने पर कि तो क्या आप दूसरा एनटीआर बनना चाहते हैं, तो इसके जवाब में उन्होंने कहा, "मैं अपनी तुलना एनटीआर से नहीं कर सकता। मैं लोगों का जीवन स्तर सुधारना चाहता हूं। वे गरीब जनता के लिए थे और लोग चाहते हैं कि मैं उनका विकल्प बनूं व गरीबों के लिए काम करूं। लोगों को मुझसे उम्मीद है कि मैं बदलाव लाऊंगा और मै ऐसा करके रहूंगा।"

'कापू' समुदाय से ताल्लुक रखने वाले चिरंजीवी ने हालांकि प्रदेश की राजनीति में अपना ध्यान केंद्रित कर रखा है लेकिन साथ ही वे राष्ट्रीय राजनीति में चौथा मोर्चा बनाने की बात करते हैं। वे कहते हैं, "मुझे लगता है कि चौथा मोर्चा बनेगा। कुछ दलों ने अभी से इस बारे में चर्चा आरंभ कर दी है।"

उन्होंने कहा, "आज की तारीख में मैं यह नहीं कह सकता कि चौथे मोर्चे में कौन-कौन से राजनीतिक दल शामिल होंगे लेकिन वक्त आने पर सारी बातें स्पष्ट हो जाएंगी।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+