आंध्रप्रदेश में अगली सरकार 'प्रजा राज्यम' की बनेगी : चिरंजीवी
हैदराबाद, 15 मार्च (आईएएनएस)। दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपर स्टार चिरंजीवी को पूरा भरोसा है कि राज्य विधानसभा के आगामी चुनाव में उनकी पार्टी 'प्रजा राज्यम' को न सिर्फ भारी सफलता मिलेगी बल्कि राज्य में अगली सरकार भी उसी की बनेगी।
चिरंजीवी ने आईएएनएस से एक विशेष साक्षात्कार में यह बातें कही। उन्होंने कहा, "मुझे पूरा यकीन है कि सरकार बनाने के लिए आवश्यक आंकड़ा हम जुटा लेंगे।"
आगामी विधानसभा में खंडित जनादेश मिलने की संभावनाओं को उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, "खंडित जनादेश मिलने की संभावनाओं को मैं पूरी तरह खारिज करता हूं। आगामी चुनाव में हमारी पार्टी भारी मतों से जीतेगी और हम सरकार बनाएंगे।"
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने हमारे कार्यकर्ताओं को हतोत्साहित करने के लिए चुनाव पूर्व सर्वेक्षण करवाएं हैं लेकिन जनता इस बात को समझ रही है इसलिए लोग हमारी पार्टी को मजबूत करने के लिए खुद से आगे आ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि आगामी 16 और 23 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के साथ-साथ राज्य विधानसभा के चुनाव होने हैं।
'कापू' समुदाय से ताल्लुक रखने वाले चिरंजीवी ने हालांकि प्रदेश की राजनीति में अपना ध्यान केंद्रित कर रखा है लेकिन साथ ही वे राष्ट्रीय राजनीति में चौथा मोर्चा बनाने की बात करते हैं। वे कहते हैं, "मुझे लगता है कि चौथा मोर्चा बनेगा। कुछ दलों ने अभी से इस बारे में चर्चा आरंभ कर दी है।"
उन्होंने कहा, "आज की तारीख में मैं यह नहीं कह सकता कि चौथे मोर्चे में कौन-कौन से राजनीतिक दल शामिल होंगे लेकिन वक्त आने पर सारी बातें स्पष्ट हो जाएंगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications