चुनाव पूर्व गठजोड़ नहीं करेगी बसपा: मायावती (लीड-1)
बसपा के संस्थापक दिवंगत कांशीराम के जन्म दिवस के मौके पर रविवार को नई दिल्ली में मायावती ने पत्रकारों से कहा, "इस बार बसपा अपने बल पर चुनाव लड़ेगी। हम किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेंगे।"
मायावती रविवार शाम दिल्ली में अपने नए आवास पर तीसरे मोर्चे के नेताओं को रात्रिभोज पर बुलाया है। ऐसे में इस रात्रिभोज को राजनीतिक लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
उन्होंने कहा कि रात्रिभोज के दौरान प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार और चुनाव पूर्व गठबंधन पर कोई चर्चा नहीं होगी। प्रधानमंत्री के उम्मीदवार बनने के सवाल पर बसपा प्रमुख ने चुप्पी साधे रखी।
मायावती ने कहा कि बसपा बोलने में कम और काम करने में ज्यादा यकीन करती है। उन्होंने कहा, "बसपा और तीसरा मोर्चा अलग-अलग चुनाव लड़ेंगे और बाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस को सत्ता से दूर रखने के लिए एक साथ आ जाएंगे।"
उन्होंने भाजपा, कांग्रेस और उनके सहयोगी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि उनकी पार्टी ही दोनों राष्ट्रीय राजनीतिक दलों का एकमात्र विकल्प है।
बसपा सुप्रीमो ने साफ कर दिया कि उनकी पार्टी चुनाव में कोई घोषणा पत्र जारी नहीं करेगी। पार्टी की नीतियां और कार्यक्रम चुनाव के बाद ही तय होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications