सपा की महिला प्रमुख बसपा में शामिल
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) को शनिवार को उस समय गहरा झटका लगा जब उसकी राष्ट्रीय महिला शाखा की अध्यक्ष रंजना बाजपेयी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में शामिल हो गईं।
अपने निर्णय के लिए सपा में ब्राह्मणों की उपेक्षा को कारण बताते हुए बाजपेयी ने पार्टी महासचिव अमर सिंह पर आरोप लगाया कि उन्होंने पार्टी पर कब्जा कर लिया है। कुछ ही दिन पहले पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने सीतापुर लोकसभा सीट से उनकी दावेदारी खारिज कर दी थी।
संवाददाताओं से बातचीत करते हुए बाजपेयी ने कहा, "समाजवादी पार्टी अमर सिंह द्वारा संचालित प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बन गई है, जिसके लिए अभिनेता व अभिनेत्रियां प्रमुख हैं।"
जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला अभी क्यों किया तो उन्होंने कहा कि सबक सीखने में उन्हें समय लग गया।
उन्होंने कहा, "सपा से टिकट नहीं मिलने के कारण मैं पीड़ित और अपमानित महसूस कर रही थी।"
उन्होंने कहा कि बसपा में ब्राह्मणों को मिले सम्मान से वह प्रभावित हैं। बसपा में हालांकि न केवल ब्राह्मणों बल्कि सभी जाति के लोगों की इज्जत है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications