राजनाथ, जेटली साथ लेकिन कलह जारी

लोकसभा चुनावों से पहले पार्टी के दो दिग्गजों में कलह से पार्टी के प्रधानमंत्री के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी समस्याओं से घिर गये हैं।
पार्टी के राष्ट्रीय परिषद के सदस्य सधांशु मित्तल को पूर्वोत्तर राज्यों का सह प्रभारी बनाए जाने को लेकर राष्ट्रीय अघ्यक्ष राजनाथ सिंह और महासचिव अरूण जेटली के बीच ठन गई है।
चुनावी बैठक टली
यही कारण है कि शनिवार को प्रस्तावित केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में अरुण जेटली ने शामिल होने से इंकार दिया। यही कारण है कि बैठक को 17 मार्च तक के लिए टालना पड़ा। इससे पहले शुक्रवार को हुई चुनावी बैठक में भी जेटली नहीं पहुंचे थे। भाजपा अघ्यक्ष ने मित्तल को इसी हफ्ते पूर्वोत्तर राज्यों का सह प्रभारी नियुक्त किया है। जबकि जेटली इस बात से खफा हैं।
शनिवार को नई दिल्ली में भाजपा के एक कार्यक्रम में अरुण जेटली, राजनाथ सिंह के साथ दिखे, लेकिन पार्टी सूत्रों का कहना है कि अभी पूर्वोत्तर राज्यों के प्रभारी का मामला सुलझा नहीं है। यह भी माना जा रहा है कि जेटली आडवाणी के विशेष अनुरोध पर कार्यक्रम में शामिल हुए।
आडवाणी परेशान
पार्टी के प्रधानमंत्री उम्मीदवार लाल कृष्ण आडवाणी इस विवाद से काफी परेशान हैं। किसे मनायें, किसे नाराज करें?
आडवाणी इन सवालों से घिरे हुए हैं। शुक्रवार को उनके निवास पर जनता दल-यू के शीर्ष नेताओं के साथ सीटों के बंटवारे के बारे में हुई बैठक में जेटली पहुंच गये, जबकि इससे पहले चुनावी बैठक में उन्होंने आडवाणी के आग्रह को मना कर दिया था। जेटली के आने पर इस बैठक में राजनाथ ने हिस्सा नहीं लिया।


Click it and Unblock the Notifications