आडवाणी का आईटी विजन डाक्यूमेंट जारी

आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी के आईटी विजन डाक्यूमेंट को जारी करते हुए आडवाणी ने देश की सुरक्षा की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताई और कहा कि यदि भाजपा की सरकार बनी तो वह तीन वर्षो में प्रत्येक नागरिक के लिए एक नागरिक पहचान पत्र संख्या जारी करेगी और साथ ही एक बहुद्देशीय राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करेगी।
उन्होंने कहा, "आने वाले लोकसभा चुनाव में राजग की सरकार बनती है तो वह इस विजन डाक्यूमेंट को यथार्थ में बदलने को उच्च प्राथमिकता देगी जो भारत को वर्तमान आर्थिक संकट से उबरने, व्यापक स्तर पर रोजगार के अवसरों का सृजन करने और भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने में सहायक होगा।"
पार्टी द्वारा जारी किए गए 30 पृष्ठों के आईटी विजन डाक्यूमेंट में कहा गया है कि यदि राजग की सरकार बनी तो हर हिंदुस्तानी का बैंक खाता, गरीबी रेखा के नीचे रहने वाले हर परिवार को स्मार्ट फोन, हर गांव में ब्रॉडबैंड सुविधा और हर स्कूल में इंटरनेट शिक्षा मुहैया कराई जाएगी।
इस अवसर पर पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह, राज्यसभा में विपक्ष के नेता जसवंत सिंह, वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज और अरुण शौरी भी उपस्थिति थे।
सुधांशु मित्तल को पूर्वोत्तर राज्यों के लिए सह प्रभारी बनाए जाने से नाराज पार्टी महासचिव अरुण जेटली भी इस कार्यक्रम में उपस्थित हुए। हालांकि वे देर से आए। इस मौके पर पार्टी की वेबसाइट को फिर से नए कलेवर के साथ लांच किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications