पाक दुनिया की सबसे खतरनाक जगह

कैपिटल हिल समाचार पत्र 'रोल कॉल' के कार्यकारी संपादक मोर्ट कोंड्रेक ने कहा है, "अमेरिकी खुफिया अधिकारियों का कहना है कि पाकिस्तान अमेरिका पर आतंकवादी हमले का स्रोत बन सकता है। यह धरती का सबसे खतरनाक स्थान है जो परमाणु शक्ति से संपन्न होने के साथ साथ आतंकवादियों की धमकियों, आर्थिक संकट और राजनीतिक ऊथल-पुथल से जूझ रहा है।"
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने 3-4 अप्रैल को होने वाली उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) की शिखर बैठक में अफगानिस्तान-पाकिस्तान की रणनीति घोषित करने का वादा किया है।
कोंड्रेक ने कहा है, "अमेरिका 20 साल से ज्यादा अर्से से पाकिस्तान को सैन्य सहायता देता आ रहा है और इसके बावजूद उसका इस्तेमाल आतंकवाद निरोधक क्षमता विकसित करने में नहीं किया गया है, बल्कि इस धन से ऐसे परंपरागत हथियार खरीदे जाते रहे हैं जिनकी पाकिस्तानी सेना को भारत से मुकाबले के लिए जरूरत है।"
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने आतंकवाद के खिलाफ युद्ध में खुद को अमेरिका का सहयोगी घोषित कर सीआईए को अल कायदा पर हमले के लिए अपनी जमीन इस्तेमाल करने की इजाजत दी है लेकिन स्वयं उन्होंने लश्कर-ए तैयबा जैसे आतंकी गुटों के खिलाफ कार्रवाई करने की क्षमता या इच्छा नहीं जताई है। इसी गुट ने पिछले साल मुंबई पर आतंकवादी हमले को अंजाम दिया था।
कोंड्रैक ने कहा, "ये गुट आईएसआई ने ही कश्मीर पर हमले कराने के लिए बनाए थे। मोटे तौर समझा जाता है कि उन गुटों के तार अभी तक आईएसआई से जुड़े हैं।"
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने, शिक्षा और बुनियादी ढांचे में निवेश करने तथा सेना को भारत की जगह आतंकवादियों से मुकाबला करने पर ध्यान केंद्रित करने के लिए राजी करने के वास्ते काफी धन और प्रयासों की जरूरत होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications