कांग्रेस के साथ हमारा समझदारी भरा तालमेल है: मुलायम
यादव ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "सपा और कांग्रेस के बीच समझदारी भरा तालमेल है। इसके बावजूद यदि हम औपचारिक तौर पर कोई गठबंधन नहीं भी बनाएं तो लोकसभा चुनाव में हम साथ-साथ रहेंगे।"
उन्होंने कहा, "हमारे बीच कोई मतभेद नहीं है और न ही हमने एक-दूसरे से दूरी बनाई है। किसी भी स्थिति में हम एक दूसरे के विरोधी नहीं होंगे। यह हमारी आपसी समझदारी है।"
यह पूछे जाने पर कि आखिर कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन में क्या आड़े आ रहा है तो इसके जवाब में मुलायम ने कहा, "गठबंधन को लेकर हमारी तरफ से कोई बाधा नहीं है। हमने तय किया है कि हम कांग्रेस के दोस्त बने रहेंगे।"
कल्याण सिंह से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने कहा, "कल्याण सिंह से मेरे संबंध अच्छे चल रहे हैं। हालांकि उनका एक पैर टूट गया है फिर भी वे हमारे लिए चुनाव प्रचार करेंगे।"
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की मुखिया मायावती को केंद्र में रखकर तीसरे मोर्चे के गठन से संबंधित एक सवाल पर मुलायम ने कहा, "उन लोगों ने अभी मायावती को परखा नहीं है। एक बार वे उससे जुड़ेंगे तो फिर जिंदगी भर याद भी रखेंगे। मै इसलिए जानता हूं क्योंकि मैंने यह अनुभव किया है।"
होली मिलन समारोह के दौरान अपने गांव सैफई में पैसे बांटे जाने के मामले में चुनाव आयोग से मिले नोटिस का जवाब भेजे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा, "आयोग के नोटिस का जवाब भेज दिया गया है। वह भी आयोग द्वारा तय की गई तारीख से पहले। हमें उम्मीद है कि आयोग हमारे जवाब से संतुष्ट होगा।"
बार-बार पूछे जाने पर भी मुलायम ने आयोग को दिए गए जवाब का विस्तृत ब्योरा देने से मना कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications