वैश्विक बाजारों की तर्ज पर देश के शेयर बाजार भी तेज (साप्ताहिक समीक्षा)
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स शुक्रवार को 8,756.61 पर बंद हुआ जो पिछले सप्ताह की बंदी के मुकाबले 430.79 अंक यानी 5.17 फीसदी अधिक था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी पिछले सप्ताह के मुकाबले 3.8 फीसदी की तेजी के साथ 2,719 पर बंद हुआ।
इसी तरह बीएसई के मिडकैप सूचकांक में 54.06 अंक यानी 2.09 फीसदी और स्मालकैप सूचकांक में 22.23 अंक यानी 0.77 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई।
यद्यपि राजधानी स्थित एसएमसी कैपिटल्स के इक्वि टी प्रमुख जगन्नाधम थुंगुंतुला ने कहा, "हमें इस तेजी पर बहुत अधिक भरोसा नहीं करना चाहिए। अधिकांश खरीदार शार्ट कव्हरिंग कर रहे हैं और बाजार में मंदी के समय ऐसा होता ही है।"
सोमवार को बाजार की निराशाजनक शुरुआत हुई और सेंसेक्स 165.42 अंक यानी 1.99 फीसदी गिरकर 8,160.40 पर बंद हुआ।
मंगलवार को ईद-मिलादुन्नबी और बुधवार को होली का सार्वजनिक अवकाश होने के कारण बाजार बंद रहे। इस बीच वैश्विक शेयर बाजारों में तेजी का रुख कायम रहा।
गुरुवार को बाजार खुलने पर निवेशक शार्ट कव्हरिंग करते हुए दिखाई दिए और सेंसेक्स 183.25 अंक यानी 2.25 फीसदी की बढ़त के साथ 8,343.75 पर बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी में 1.72 फीसदी की तेजी आई और यह 2,617.45 पर बंद हुआ।
शुक्रवार को एक बार फिर बाजार में जबरदस्त उछाल देखा गया और सेंसेक्स 412.86 अंक यानी 4.95 फीसदी की बढ़त के साथ 8,756.61 पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 3.89 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया और यह 2,719.25 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में सप्ताह के दौरान एचडीएफसी, टाटा मोटर्स, टीसीएस और हिंडाल्को के शेयरों में सबसे अधिक तेजी आई जबकि रैनबैक्स लेबोरेटरीज, भारती एयरटेल, एनटीपीसी और आईटीसी कंपनियों के शेयरों में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications