महाघोटाले के लिए मैडॉफ़ दोषी क़रार

न्यूयॉर्क की एक अदालत ने अरबों डॉलर के घोटाले के लिए अमरीकी पूँजी निवेशक बर्नार्ड मैडॉफ़ को दोषी क़रार दिया है. उन्होंने सारे आरोप स्वीकार कर लिए हैं. उन पर धोखाधड़ी, झूठी शपथ, काले धन को सफ़ेद करने और चोरी आदि के 11 आरोप थे और उन्होंने सारे आरोप स्वीकार कर लिए हैं.
इसे इतिहास का अपनी तरह का सबसे बड़ा मामला माना जा रहा है जिसे घपला करने वाले ने स्वीकार भी कर लिया है.इस मामले में सज़ा जून में सुनाई जाएगी और तब तक के लिए न्यायाधीश ने बर्नार्ड मैडॉफ़ को जेल में रखने के निर्देश दिए हैं.
उन्हें 150 वर्ष तक की सज़ा सुनाई जा सकती है. विगत तीन महीनों से 70 वर्षीय मैडॉफ़ मैनहटन के अपने घर में नज़रबंद थे. पिछले साल तक बर्नार्ड मैडॉफ़ सबसे लोकप्रिय निवेश कंपनी चला रहे थे जिसमें नामीगिरामी लोगों और बड़ी संस्थाओं ने निवेश कर रखा था.
स्वीकारोक्ति
जब बर्नार्ड मैडॉफ़ ने सभी 11 आरोप स्वीकार कर लिए तो न्यायाधीश ने इसे मंज़ूरी दे दी. मैडॉफ़ ने अदालत से कहा, "मैं जो कुछ किया उसके लिए मैं कितना दुखी हूँ इसे मैं ठीक तरह से अभिव्यक्त नहीं कर सकता."
उनका कहना था कि जब उन्होंने घपला शुरु किया था तब उन्होंने सोचा था कि यह बस कुछ ही समय के लिए है. मैडॉफ़ प्रतिभावान है और वह दुनिया के इतिहास का सबसे बड़ा धोखेबाज़ है बर्ट रॉस, पूर्व मेयर, फ़ोर्ट ली, न्यूजर्सी
| |
"लेकिन मैंने महसूस किया कि मेरी गिरफ़्तारी और ऐसा दिन अवश्यंभावी था."
जब उनसे कहा गया कि वे अदालत को बताएँ कि इतना बड़ा घोटाला उन्होंने किस तरह से किया, तो उन्होंने बताया कि वे निवेशकों से पैसा लेते रहे और यह ऐसा दिखाते रहे कि वे इस पैसे को निवेश कर रहे हैं.
उनका कहना था, "इस पैसे को निवेश करने की बजाय मैं एक बैंक खाते में रखता रहा." उन्होंने बताया कि इसी पैसे से वे पुराने निवेशकों को पैसा चुकाते रहे.
अदालत में उन्होंने कहा कि वे अपने सारे अपराधों कि ज़िम्मेदारी स्वीकार करते हैं लेकिन उनके दूसरे व्यवसाय जिसे उनके परिवार के दूसरे सदस्य चलाते हैं, इस घोटाले में शामिल नहीं हैं.
जब उन्होंने सारे अपराध स्वीकार किए तो उनके घोटाले का शिकार हुए एक व्यक्ति ने इसका विरोध करते हुए कहा कि इस पूरे मामले की सुनवाई होनी चाहिए जिससे पता चल सके कि उनके पैसों का मैडॉफ़ ने क्या किया.
लेकिन सबसे अच्छा दृश्य वो था जब उन्हें हथकड़ी पहनाई गई. हो सकता है कि उस समय जो सूट उन्होंने पहना था वह हज़ारो डॉलर का हो, जो निवेशकों के ही पैसे से ख़रीदा गया हो...यही तो न्याय है एक निवेशक
| |
लेकिन जब उन्हें हथकड़ी पहनाई गई तो अदालत में ज़्यादातर लोगों ने तालियाँ बजाईं.एक दूसरे निवेशक ने कहा, "मेरा ख़याल है कि उन्हें एक चीज़ का अफ़सोस है, और वो ये कि वो पकड़े गए."
उनका कहना था, "लेकिन सबसे अच्छा दृश्य वो था जब उन्हें हथकड़ी पहनाई गई. हो सकता है कि उस समय जो सूट उन्होंने पहना था वह हज़ारो डॉलर का हो, जो निवेशकों के ही पैसे से ख़रीदा गया हो...यही तो न्याय है."
बड़े लोग हुए शिकार
नैसडैक स्टॉक मार्केट के चेयरमैन रह चुके बर्नार्ड मैडॉफ़ 40 साल से अधिक समय तक वॉल स्ट्रीट की प्रमुख हस्ती रहे. वे बर्नार्ड एल मैडॉफ़ इंवेस्टमेंट सेक्युरीटीज़ के प्रमुख थे.
बड़े लोग और बड़ी कंपनियाँ दोनों ही इस घोटाले का शिकार हुईं. वे निवेशकों से पैसा लेते थे और उसे किसी दूसरी जगह निवेश करने का दिखावा करते हुए उसे एक बैंक खाते में ही जमा करते जाते थे.
मैडॉफ़ का घोटाला करने का तरीक़ा काफ़ी दिलचस्प था. वे निवेशकों को जल्दी ही भुगतान करना शुरू कर देते थे लेकिन यह भुगतान लाभ की रकम से नहीं, बल्कि दूसरे निवेशकों के पैसे से किया जाता था.
इस घोटाले के बड़े-बड़े लोग शिकार हुए हैं, जिसके बारे में ख़ुद मैडॉफ़ का अनुमान है कि यह पाँच करोड़ डॉलर तक हो सकता है.इस घोटाले के शिकार हुए लोगों में से एक बर्ट रॉस हैं जो न्यूजर्सी के फॉर्ट ली शहर के मेयर रह चुके हैं.
उन्होंने बीबीसी को बताया कि उन्हें मैडॉफ़ की कंपनी में निवेश किए गए पचास लाख डॉलर में से कुछ भी वापस मिलने की उम्मीद नहीं है. उन्होंने कहा, "मैडॉफ़ प्रतिभावान है और वह दुनिया के इतिहास का सबसे बड़ा धोखेबाज़ है."
हालांकि निवेशक कह रहे हैं कि वे अपने पैसे वापस पाने का हर संभव प्रयास करते रहेंगे लेकिन ज़्यादातर विश्लेषकों का कहना है कि इस बात की संभावना कम ही है कि थोड़े बहुत पैसों के अलावा कुछ वापस मिल सके.


Click it and Unblock the Notifications