अमरीकी ड्रोन हमले में बारह मारे गए

अमरीकी सेना ने अफ़ग़ानिस्तान से सटे पाकिस्तान के कुर्रम ज़िले में पायलटरहित विमान से मिसाइल दागे हैं जिसमें कम से कम बारह लोग मारे गए. स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि हमले में कई लोग घायल भी हुए हैं.
एक सुरक्षा अधिकारी का कहना था, "तालेबान चरमपंथियों ने पूरे इलाक़े को सील कर दिया है और वे मलबे से शव निकाल रहे हैं."संवाददाताओं के मुताबिक अमरीका में बराक ओबामा के राष्ट्रपति बनने के बाद पाकिस्तानी इलाक़े में यह पाँचवाँ ड्रोन हमला है.
अधिकारियों के मुताबिक ड्रोन ने तालेबान कमांडर के प्रशिक्षण शिविर को निशाना बनाया. अमरीका इस तरह के हमलों की पुष्टि करने से बचता रहा है लेकिन इस क्षेत्र में इस तरह की मारक प्रणाली इस्तेमाल करने की क्षमता उसी की सेना के पास है.
पिछले कुछ महीनों में उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में इस तरह के कम से कम 21 हमले किए जा चुके हैं.पाकिस्तान इस तरह के हमलों को लेकर अमरीका से नाराज़गी जताता रहा है. वो इसे अपनी संप्रभुता पर हमला मानता है.
अफ़ग़ान सीमा को लेकर अमरीका और पाकिस्तान में गहरे मतभेद हैं. चरमपंथियों से निपटने के तरीके को लेकर अमरीका पाकिस्तान से नाखुश हैं जबकि इस्लामाबाद अमरीकी हमलों की निंदा करता रहा है.


Click it and Unblock the Notifications