जयपुर में तीन दिवसीय ध्रुपद समारोह 16 मार्च से
जयपुर, 13 मार्च (आईएएनएस)। जयपुर में तीन दिवसीय बाबा बहराम खां डागर ध्रुपद समारोह 16 से 18 मार्च तक रवीन्द्र मंच पर आयोजित किया जाएगा। ध्रुपद सोसायटी एवं संगीत नाटक अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में देश के नामचीन कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री एमादुद्दीन अहमद खां तथा विशिष्ट अतिथि सूचना एवं जनसम्पर्क निदेशक, डॉ. अमर सिंह राठौड़ होंगे।
समारोह के पहले दिन पंडित इन्द्र किशोर मिश्र एवं उस्ताद एफ. वसीफुद्दीन डागर का गायन तथा पंडित तोताराम शर्मा का पखावज एवं पंडित असित बनर्जी का वीणा वादन होगा। मंगलवार 17 मार्च को ऋत्विक सान्याल एवं पंडित अभय नारायण मल्लिक का गायन तथा पंडित देवकी नंदन महाराज का पखावज एवं उस्ताद शमशुद्दीन फरीदी देसाई का वीणा वादन होगा।
समारोह के अंतिम दिन पंडित प्रेम कुमार मल्लिक एवं उस्ताद एच. सईदुद्दीन डागर का गायन, पंडित रमाकांत पाठक का पखावज तथा पुष्प राज कोस्ती का सुर बहार वादन होगा। कार्यक्रम प्रतिदिन शाम छह बजे से शुरू होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications