भाजपा ने जारी की 59 उम्मीदवारों के नामों की सूची (लीड-1)
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इन उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया गया। पार्टी ने मध्यप्रदेश की 8, हरियाणा की 5, केरल की 5, उड़ीसा की 7, आंध्रप्रदेश की 8, पश्चिम बंगाल की 24 और पंजाब व सिक्किम की एक-एक संसदीय सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी।
उड़ीसा में बीजू जनता दल (बीजद) के साथ गठबंधन टूट जाने के बाद भाजपा ने यहां से 7 उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है। सुंदरगढ़ से जुएल ओराम, क्योंझर से अनंत नायक, मयूरभंज से द्रौपदी मुर्मु, बोलांगीर से संगीता सिंहदेव, बालासोर से खरबला स्वैन, कालाहांडी से बिक्रमकेसरी देव और नबरंगपुर से परसुराम मांझी को टिकट दिया गया है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री व आंध्रप्रदेश भाजपा अध्यक्ष बंडारू दत्तात्रेय को सिकंदराबाद से पार्टी ने टिकट दिया है। इसके अलावा मलकजगिरी से इंद्रसेन रेड्डी को पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है।
भाजपा ने पश्चिम बंगाल के दमदम संसदीय क्षेत्र से पूर्व मंत्री तपन सिकदर को टिकट दिया है। सिकदर की हाल ही में पार्टी में वापसी हुई है। पश्चिम बंगाल की 24 संसदीय सीटों के लिए शुक्रवार को घोषित उम्मीदवारों की सूची में एक अल्पसंख्यक का भी नाम शामिल है। बर्दवान से पार्टी ने सैयद अली अफजल चांद को टिकट दिया है।
मध्यप्रदेश के भिंड से मुरैना के मौजूदा सांसद अशोक अर्गल को उम्मीदवार बनाया गया है। रामलखन सिंह भिंड से मौजूदा सांसद हैं। सांसद रहते उन्होंने राज्य विधानसभा का पिछला चुनाव लड़ा था और वह हार गए थे।
गुना से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर को टिकट दिया गया है। तोमर हाल ही में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं। गुना से कांग्रेस की ओर से केंद्रीय राज्यमंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मैदान में हैं। पार्टी ने सिंधिया को कड़ी टक्कर देने के लिए तोमर को यहां से चुनाव मैदान में उतारा है।
सागर से भूपिंदर सिंह को टिकट दिया गया है जबकि सागर के मौजूदा सांसद वीरेंद्र कुमार खटीक को टीकमगढ़ भेज दिया गया है। दमोह से शिवराज सिंह लोधी और रतलाम से दिलीप सिंह भूरिया को उम्मीदवार बनाया गया है।
पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री माखन सिंह को खरगौन संसदीय सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है। इस सीट से लोकसभा का पिछला उपचुनाव हार चुके वरिष्ठ नेता कृष्णमुरारी मोघे का टिकट इस बार काट दिया गया है। मोघे यह चुनाव पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष यादव के बेटे अरुण यादव से एक लाख से अधिक वोटों से चुनाव हार गए थे। हार के बाद मोघे ने खुले आम प्रदेश नेतृत्व को अपनी हार के लिए जिम्मेदार ठहराया था।
पार्टी ने होशंगाबाद से विदिशा के मौजूदा सांसद रामपाल सिंह को टिकट दिया है। पार्टी ने सुषमा स्वराज को पहले ही विदिशा से उम्मीदवार बना दिया है। होशंगाबाद के मौजूदा सांसद सरताज सिंह इस बार लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ना चाहते थे। उन्होंने भी विधानसभा का चुनाव लड़ा था और वह हार गए थे। सरताज सिंह इस संसदीय सीट से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की पत्नी साधना सिंह को टिकट दिलाने के लिए जोर आजमाइश कर रहे थे। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने अंतत: रामपाल सिंह को यहां से चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया।
मध्यप्रदेश के अलावा पार्टी ने हरियाणा के अंबाला से रतनलाल कटारिया, करनाल से पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री आई. डी. स्वामी, सोनीपत से पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशन सिंह सांगवान, गुड़गांव से सुधा यादव और फरीदाबाद से रामचंद्र बैंडा को उम्मीदवार बनाया है।
जम्मू एवं कश्मीर की भदरवाह सीट पर होने वाले विधानसभा के उपचुनाव के लिए पार्टी ने दलीप सिंह पैहर और झारखंड की जामताड़ा विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए तरूण गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications