पाकिस्तान में वकीलों का मार्च रोका गया
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक पुलिस ने प्रदर्शनकारी वकीलों के प्रमुख नेता अली अहमद कुर्द और उनके कई सारे समर्थकों को शुक्रवार तड़के दक्षिणी सिंध प्रांत में कदम रखने से रोक दिया। ये वकील यहां से लाहौर जाने वाले थे और फिर वहां से राजधानी इस्लामाबाद के लिए कूच करने वाले थे।
बाद में कुर्द ने संवाददाताओं को बताया, "अब हम अन्य मार्गो से लाहौर और इस्लामाबाद पहुंचेंगे।"
उन्होंने पुलिस से बचने के लिए प्रदर्शनकारियों से अकेले या फिर छोटे-छोटे समूहों में यात्रा करने को कहा।
देश के चार प्रांतों में से तीन प्रांतों में सरकार ने किसी भी तरह की रैली पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। विपक्ष समर्थित वकीलों की ओर से सोमवार को संसद पर धरने की योजना बनाई गई है।
ये वकील, राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी से मांग कर रहे हैं कि उन्हें सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व प्रधान न्यायाधीश इफ्तिखार चौधरी की पुन: बहाली के अपने वादे को पूरा करना चाहिए। चौधरी को पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने नवंबर 2007 में पद से हटा दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications