ओबामा का चीन के साथ बेहतर सैन्य वार्ता का आह्वान
वाशिंगटन, 13 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने चीन के विदेश मंत्री येंग जाएशी से कहा है कि गत रविवार को दक्षिण चीन सागर में हुए नौसैनिक टकराव के मद्देनजर दोनों देशों के बीच सैन्य विचार-विमर्श बढ़ाए जाने की जरूरत है।
समाचार एजेंसी डीपीए ने व्हाइट हाउस के हवाले से खबर दी है कि गुरुवार को ओबामा और येंग की मुलाकात के दौरान आर्थिक संकट, उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम, अफगानिस्तान, पाकिस्तान और सूडान के डारफुर प्रांत के हालात पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ।
दोनों नेताओं की मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब दोनों देश रविवार की उस घटना के लिए एक-दूसरे को दोषी ठहरा रहे हैं, जिसमें चीन के पांच पोतों ने अमेरिकी नौसेना के एक पोत को रोका था। अमेरिका ने इस घटना को चीन द्वारा अंतर्राष्ट्रीय जल क्षेत्र में उसके जहाज को प्रताड़ित किया जाना करार दिया है जबकि चीन का कहना है कि अमेरिकी जहाज गैर-कानूनी रूप से वहां पहुंचा था।
ओबामा ने भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए अमेरिका और चीन की सेनाओं के बीच वार्ता पर जोर दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications