तीसरे मोर्चे की रैली में शरीक नहीं हुए आरएसपी और फॉरवर्ड ब्लॉक
आरएसपी ने जहां नए मोर्चे के गठन की घोषणा के तरीके पर अप्रसन्नता जाहिर की वहीं फॉरवर्ड ब्लॉक ने इस रैली से दूर रहने की वजह आयोजकों द्वारा सही ढंग से जानकारी नहीं देना बताया।
आरएसपी के महासचिव टी.जे.चंद्रचूड़ ने शुक्रवार को यहां कहा, "रैली में शरीक नहीं होने का फैसला भली-भांति सोच-विचार कर किया गया। क्योंकि हम इसके गठन के तरीके से संतुष्ट नहीं थे। इसकी औपचारिक घोषणा से पहले संबद्ध दलों से विचार-विमर्श तक नहीं किया गया।"
चंद्रचूड़ ने आईएएनएस को बताया, "तीसरा मोर्चा कुछ नीतियों और कार्यक्रमों के आधार पर गठित किया जाना चाहिए था और इसमें वामदलों को अहमियत मिलनी चाहिए थी।"
सांसद एवं फॉरवर्ड ब्लॉक के नेता बरून मुखर्जी ने कहा कि उचित सूचना नहीं मिलने की वजह से वह रैली में शरीक नहीं हुए।
मुखर्जी ने आईएएनएस को फोन पर बताया, "हमारी पार्टी के नेता देवव्रत विश्वास चीन में हैं और मुझे रैली में हिस्सा लेना था। उचित जानकारी नहीं मिलने की वजह से मैं उसमें शरीक नहीं हो सका।"
जनता दल (सेक्युलर) के प्रमुख एच.डी. देवेगौड़ा की ओर से आयोजित इस रैली में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव प्रकाश करात और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव ए.बी. वर्धन ने हिस्सा लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications