गुवांटोनामो में बंदी बनाए गए थे 67 पाकिस्तानी: कुरैशी
इस्लामाबाद, 13 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका पर 11 सितंबर 2001 को हुए आतंकवादी हमले के बाद क्यूबा स्थित गुआंटोनामो बे जेल में 67 पाकिस्तानियों को बंदी बनाकर रखा गया था। यह जानकारी पाकिस्तान के विदेश मंत्री मख्दूम शाह महमूद कुरैशी ने नेशनल असेंबली में दी।
समाचार पत्र 'डॉन' के अनुसार निचले सदन में गुरुवार को एक प्रश्न के लिखित जवाब में कुरैशी ने कहा कि गुवांटोनामो जेल में 67 पाकिस्तानियों को बंदी बनाकर रखा गया था। हालांकि सरकार के प्रयासों की बदौलत अब तक उनमें से 62 को रिहा कराया जा चुका है। कुरैशी ने यह जानकारी तारिक महमूद बाजवा के प्रश्न पर दी।
रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका पर आतंकवादी हमले के बाद सरकार ने सैंकड़ों लोगों को पकड़कर अमेरिकी अधिकारियों के हवाले कर दिया था। उनमें से 67 को गुवांटोनामो जेल भेज दिया गया था।
अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने साल भर के भीतर गुवांटोनामो जेल बंद करने का आदेश दिया है।
पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने अपने संस्मरण इन 'द लाइन ऑफ फायर' में कबूल किया है कि पाकिस्तान सरकार ने कथित आतंकवादियों को अमेरिकी अधिकारियों के सुपुर्द कर उन पर घोषित इनाम की एवज में लाखों रुपये कमाए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications