महँगाई छह साल के निचले स्तर पर

सरकार की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक़ महँगाई की दर और औद्योगिक उत्पादन की विकास दर दोनों में गिरावट दर्ज की गई है. समाचार एजेंसियों के मुताबिक फ़रवरी की 28 तारीख़ को ख़त्म हुए हफ़्ते में महँगाई की दर 2.43 फ़ीसदी पर पहुँच गई है.
यह जून 2002 के बाद महँगाई का न्यूनतम स्तर है. इसी साल 21 फ़रवरी को ख़त्म हुए हफ़्ते में महँगाई की दर 3.03 फ़ीसदी पर थी.
कम हुई क़ीमतें
थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित महँगाई की यह दर पिछले साल इसी हफ़्ते में 6.21 फ़ीसदी थी.यह गिरावट उत्पादित वस्तुओं और कुछ खाद्य वस्तुओं की कम हुई क़ीमतों के कारण आई है.
इस दौरान इस्पात, बैटरी और नायलोन के धागों की क़ीमतों में कमी आई. मक्का, अरहर और मूँग की क़ीमतों में एक फ़ीसदी की गिरावट दर्ज की गई जबकि ईंधन की क़ीमतें पिछले हफ़्ते के स्तर पर ही बनी हुई थीं.
उधर, औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) में भी गिरवाट का रुख़ है. इस साल जनवरी महीने में आईआईपी में नकारात्मक 0.5 फ़ीसदी रहा.सरकारी आंकड़ों के मुताबिक़ पिछले साल जनवरी में औद्योगिक उत्पादन की विकास दर 6.2 फ़ीसदी थी.
औद्योगिक उत्पादन की विकास दर में चालू वित्त वर्ष में तीसरी बार गिरावट दर्ज की गई है.
ओद्योगित उत्पादन
जनवरी के महीने में निर्माण क्षेत्र में 0.8 फ़ीसदी और खनन क्षेत्र में 0.4 फ़ीसदी की गिरावट और बिजली उत्पादन में 1.8 फ़ीसदी की वृद्धि दर्ज की गई.
चालू वित्तवर्ष के पहले 10 महीनों में औद्योगिक उत्पादन की विकास दर तीन फ़ीसदी पर बनी हुई थी.इस साल सरकार ने आर्थिक विकास दर 7.1 फ़ीसदी रहने का अनुमान लगाया था लेकिन औद्योगिक उत्पादन की विकास दर में आई गिरावट से यह प्रभावित हो सकता है.
सरकार ने वित्तवर्ष 2008-09 में औद्योगिक उत्पादन की विकास दर 4.8 फ़ीसदी रहने का अनुमान लगाया था.


Click it and Unblock the Notifications