फिर शीर्ष पर पहुंचे गेट्स

फोर्ब्स की दुनिया के सबसे धनी लोगों की सूची में भारत, रूस के अरबपतियों के झटका लगा है. वित्तीय मंदी के दौरान बिल गेट्स फिर सबसे ऊपर जा पहुँचे हैं.
अब भी इस सूची में 793 लोग हैं लेकिन इनमें से 90 प्रतिशत की संपत्ति घटी है. यदि गिरावट की औसत देखी जाए तो यह लगभग 23 प्रतिशत रही है. फ़ोर्ब्स की इस सूची में अरबपतियों की संख्या में गिरावट 2003 के बाद पहली बार देखी गई है.
सॉफ़्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ़्ट के बिल गेट्स फिर से दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं. उन्होंने अमरीका जाने माने निवेशक वारेन बफ़ेट को पीछे छोड़ दिया है और बफ़ेट अब नंबर दो पर हैं.
गेट्स की संपत्ति में पिछले 12 महीनें में 18 अरब डॉलर की कमी आई है लेकिन वे अब भी 40 अरब डॉलर की संपत्ति के मालिक हैं, वहीं बफ़ेट की संपत्ति 25 अरब डॉलर घटी और वे 37 अरब डॉलर की संपत्ति के मालिक हैं.
अरबपतियों की सूची 1. बिल गेट् (अमरीका) 2.वारेन बफ़ेट (अमरीका) 3. कार्लोस स्लिम परिवार (मैक्सिको) 4.लॉरेंस एलिसन (अमरीका) 5. इंग्वार कांपराड परिवार (स्वीडन) 6. कार्ल एलब्रेश्ट (जर्मनी) 7. मुकेश अंबानी (भारत) 8.लक्ष्मी मित्तल (भारत) 9. थियो एलब्रेश्ट (जर्मनी) 10. एमेंशियो ऑर्टेगा (स्पेन).वित्तीय मंदी के इस दौर में सबसे क़रार झटका भारत, रूस और तुर्की के अरबपतियों को लगा है.
भारतीयों को क़रारा झटका
भारत में अरबपतियों की संख्या आधी से भी ज़्यादा घटी है. अब इनकी संख्या 53 से घटकर 24 रह गई है.तीन सबसे अमीर भारतीयों की संपत्ति ख़ासी घटी है. केवल दो भारतीय ही फ़ोर्ब्स की सूची में सबसे अमीर बीस लोगों में हैं.
जहाँ मुकेश अंबानी की संपत्ति 19.5 अरब डॉलर आंकी गई है और वे सातवें स्थान पर हैं, वहीं लक्ष्मी मित्तल की संपत्ति 19.3 अरब आंकी गई है और वे आठवें स्थान पर हैं.
पिछली बार छठे स्थान पर रहने वाले अनिल अंबानी को ख़ासा नुक़सान हुआ है और वे 34वें स्थान पर जा पहुँचे हैं. उनकी संपत्ति पिछले साल के मुकाबले 31.9 अरब डॉलर घटी है और 10.1 अरब डॉलर रह गई है.
मॉस्को की जगह न्यूयॉर्क
महत्वपूर्ण है कि माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स के सबसे अमीर बनने में शेयर बाज़ार की मंदी ने काफ़ी योगदान दिया है.पिछले साल उनका लगातार 13 साल से इस सूची के शीर्ष पर बने रहने का सिलसिला बफ़ट ने तोड़ा था.
बफ़ट की कंपनी बर्कशेयर हैथवे के एक शेयर का मूल्य डेढ़ लाख डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच गया था. लेकिन पिछले 12 महीने में उसमें लगभग 50 प्रतिशत की गिरावट आई है.
ग़ौरतलब है कि पिछले एक साल में केवल 44 अरबपति अपनी संपत्ति में वृद्धि कर पाए जबकि 656 की संपत्ति घटी है.
उधर रूसी अरबपतियों की संख्या देखें तो यह लगभग 66 प्रतिशत घटी है. जहाँ पिछले साल तक सबसे अधिक अरबपति रूस की राजधानी मॉस्कों में रहते थे वहीं अब दुनिया के सबसे अधिक यानी 55 अरबपती न्यूयॉर्क में रहते हैं.


Click it and Unblock the Notifications