कांग्रेस की 25 लोकसभा उम्मीदवारों की सूची में 6 मंत्री (लीड-1)
तीन राज्यों और एक संघ शासित क्षेत्र के उम्मीदवारों की सूची में असम के विवादास्पद सांसद मोनी कुमार सुब्बा भी शामिल हैं जिनकी राष्ट्रीयता पर सवाल उठाए गए हैं।
कांग्रेस ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के 12 लोकसभा प्रत्याशियों की घोषणा की है, इसमें केंद्रीय मंत्री कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया के नाम शामिल हैं। इसके अतिरिक्त असम में 11 और चंडीगढ़ तथा नागालैंड से एक-एक उम्मीदवार का नाम भी घोषित किया गया।
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने संवाददाताओं से कहा कि वाणिज्य और उद्योग मंत्री कमलनाथ पुन: छिंदवाड़ा से चुनाव लड़ेंगे। संचार और सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी गुना से फिर चुनाव लड़ेंगे। कृषि राज्य मंत्री कांतिलाल भूरिया को रतलाम से उम्मीदवार बनाया गया है।
भारी उद्योग मंत्री संतोष मोहन देव, वित्त राज्यमंत्री पवन कुमार बंसल, रसायन और उर्वरक मंत्री बी.के.हांडीक को भी टिकट दिया गया है।
मध्य प्रदेश से 15 वीं लोकसभा में 29 सांसद चुने जाने हैं। राज्य में दो चरणों में 23 और 30 अप्रैल को चुनाव होंगे।
असम में 14 लोकसभा सीटें हैं। संतोष मोहन देव सिलचर और हांडीक जोरहाट संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। विवादास्पद सांसद मोनी कुमार सुब्बा तेजपुर से चुनाव लड़ेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications