कांग्रेस और भाजपा ने कहा, तीसरे मोर्चे से कोई खतरा नहीं
10 पार्टियों के एक साथ आकर तीसरा मोर्चा बनाने को कमतर आंकते हुए कांग्रेस ने नए गठबंधन को असैद्धांतिक गठबंधन करार दिया जबकि भाजपा ने कहा कि चुनाव के बाद मोर्चा हवा में उड़ जाएगा।
बेंगलुरू से 60 किलोमीटर दूर तुमकुर में एक विशाल रैली के माध्यम से 10 दलों के तीसरा मोर्चा गठित करने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य वी नारायणसामी ने कहा कि निश्चित रूप से वे सभी संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के लिए कोई खतरा नहीं है। संप्रग अक्षुण्ण है।
नारायणसामी ने कहा कि वे केवल सत्ता के लिए एकजुट हुए हैं। उनके पास कोई नीति और कार्यक्रम नहीं है। यह गठबंधन अधिक समय तक नहीं चलेगा।
भाजपा नेता शहनवाज हुसैन ने कहा कि चुनाव के बाद तीसरा मोर्चा हवा में उड़ जाएगा क्योंकि इसमें शामिल दल चुनाव के बाद या तो संप्रग या राजग में शामिल हो जाएंगे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री हुसैन ने कहा कि चुनाव में इन दलों की कोई भूमिका नहीं होगी। राजग और संप्रग के बीच सीधी लड़ाई होगी। यह गठबंधन लंबे समय तक नहीं चलेगा और राजग को इससे कोई खतरा नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications