कांग्रेस और भाजपा के विरोध में तीसरा मोर्चा गठित (लीड-2)
रैली को संबोधित करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री और जनता दल-सेक्यूलर के नेता एच.डी. देवेगौड़ा ने लोगों से आगामी आम चुनावों में लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष सरकार चुनने की अपील की।
रैली में क्षेत्रीय पार्टियों तथा चार वामपंथी दलों के नेताओं ने लोगों से अप्रैल-मई में होने वाले चुनाव में धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक सरकार चुनने को कहा।
रैली को संबोधित करते हुए माकपा नेता प्रकाश करात ने कहा, "यह एक ऐतिहासिक क्षण है जब सभी लोकतांत्रिक , धर्मनिरपेक्ष और वाम दल एक साथ तीसरे मोर्चे की घोषणा कर रहे हैं।" उन्होंने कहा कि देश की जनता गैर कांग्रेस और गैर भाजपा सरकार चाहती है।
माकपा महासचिव ने कहा कि सामाजिक न्याय के लिए और सांप्रदायिकता के खिलाफ संघर्ष के लिए यह एक मंच है।
करात ने कहा, "आज हम एक साथ हैं क्योंकि देश को एक विकल्प चाहिए। वर्ष 1996 में ही जनता ने समझ लिया था कि देश का भविष्य कांग्रेस या भाजपा के हाथों में नहीं है। "
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव ए.बी.बर्धन ने कहा, "हम सत्ता का नहीं बल्कि नीतियों और कार्यक्रमों का विकल्प हैं। हम सबका एक साथ आना अचानक नहीं है। पिछले दो वर्षो से इसके लिए जमीनी स्तर पर काम चल रहा था।"
बर्धन ने उम्मीद जताई की भाजपा से अलग हो चुके उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक शीघ्र ही तीसरे मोर्चे में शामिल होंगे।
बसपा नेता सतीश मिश्र ने कहा, "हम तीसरा विकल्प नहीं हैं। अच्छी अर्थव्यवस्था और स्वतंत्र विदेश नीति देने के लिए हम एकमात्र विकल्प हैं।"
जनसभा में रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी, फॉरवर्ड ब्लॉक, तेलुगूदेशम पार्टी, तेलंगाना राष्ट्र समिति, अन्ना द्रमुक और हरियाणा जनहित कांग्रेस के नेताओं ने भी हिस्सा लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*