'पर्यावरण को भी चुनावी मुद्दा बनाएं राजनेता'
कोलकाता, 12 मार्च (आईएएनएस)। देश के विभिन्न हिस्सों के 10,000 छात्रों ने राजनीतिक दलों से आग्रह किया है कि वे आगामी लोकसभा चुनाव में हरित ऊर्जा के स्रोतों के उपयोग और जलवायु परिवर्तन जैसे पर्यावरण से जुड़े मुद्दों को भी चुनाव प्रचार का हिस्सा बनाएं।
इन छात्रों ने विगत छह मार्च को विभिन्न दलों के शीर्ष नेताओं के नाम एक पत्र लिखा है। पत्र में छात्रों ने कहा है, "हम सभी जानते हैं जलवायु परिवर्तन का भावी पीढ़ी पर गंभीर असर पड़ने वाला है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह बेहद जरूरी है कि हरित ऊर्जा जैसे सौर ऊर्जा और पवन ऊर्जा का उपयोग शुरू किया जाए और पानी और बिजली की बरबादी रोकी जाए। "
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को भेजे इस पत्र में कहा गया है, "हम उम्मीद करते हैं कि पर्यावरण से जुड़े मुद्दों को चुनावी घोषणा पत्रों में शामिल किया जाएगा।"
गौरतलब है कि पत्र भेजने की पहल इंडिपेंडेंट जर्नलिस्ट सोसायटी फाउंडेशन और 'अरकानीर' नाम के संस्थान की ओर से की गई है। इस पत्र में पश्चिम बंगाल, हरियाणा, महाराष्ट्र, त्रिपुरा और असम के छात्रों ने हस्ताक्षर किए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications