मेघालय की सरकार अल्पमत में

दो निर्दलीय सदस्यों के समर्थन वापसी के बाद बुधवार की सुबह सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल एक और पार्टी के विधायक के इस्तीफ़ा दे देने से यह राजनीतिक संकट पैदा हुआ है.
हालांकि मुख्यमंत्री दोनकूपर रॉय ने दावा किया है कि उनकी सरकार के पास अभी भी बहुमत है.
मेघालय के 60 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए सत्ताधारी गठबंधन को 31 सदस्यों के समर्थन की आवश्यकता है, लेकिन सरकार के पास कुल 30 सदस्यों का ही समर्थन दिखता है.
सोमवार को गठबंधन में शामिल दो निर्दलीय विधायकों ने सरकार से समर्थन वापस ले लिया था.
मैंने विश्वस सूत्रों से सुना कि एमपीए के अहम नेता पीए संगमा, एक वैकल्पिक सरकार बनाने के लिए कांग्रेस से बातचीत कर रहे हैं, जोकि गठबंधन भावना के ख़िलाफ़ था" पॉल लिंगदोह
| |
पहले दो निदर्लीय विधायकों के समर्थन वापसी के बाद भी सरकार के पास बहुमत दिखता था, लेकिन गठबंधन में शामिल खुन हेन्यूट्रेप नेशनल अवेकनिंग मूवमेंट (केएचएनएएम) के समर्थन वापसी के बाद सरकार का बहुमत ख़त्म होता दिख रहा है.
केएचएनएएम विधायक और सरकार में शहरी मंत्री पॉल लिंगदोह ने बुधवार की सुबह अचानक मुख्यमंत्री दोनकूपर रॉय को अपना इस्तीफ़ा दे दिया और सरकार से समर्थन वापसी की घोषणा की.
उनका कहना था," मैंने विश्वस सूत्रों से सुना कि एमपीए के अहम नेता पीए संगमा, एक वैकल्पिक सरकार बनाने के लिए कांग्रेस से बातचीत कर रहे हैं, जोकि गठबंधन भावना के ख़िलाफ़ था."
लिंगदोह का कहना था कि इस घटनाक्रम के बाद उनके लिए गठबंधन से बाहर जाना ही अच्छा था.
ग़ौरलतब है कि जिन दो निर्दलीय विधायकों ने अपना समर्थन वापस लिया था उनमें से एक विधायक दो हफ़्ते पहले ही एमपीए में शामिल हुए थे.
अंक गणित
ऐसा दिखता है कि बारह महीने पुरानी सत्ताधारी गठबंधन के पास 30 सदस्यों का समर्थन प्राप्त है. एनसीपी के 15, यूडीपी के10, दो निर्दलीय तथा तीन अन्य हैं. जबकि कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी है और उसके पास 26 विधायक हैं.
उल्लेखनीय है कि मेघालय में वर्ष 2008 में हुए विधानसभा चुनाव के बाद किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला था.
चुनाव के बाद कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी के रुप में उभरी थी और इस पार्टी के नेता डीडी लपांग को 10 मार्च, 2008 को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई थी. लेकिन उन्होंने विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने के कुछ समय पहले ही इस्तीफ़ा दे दिया था.
लपांग के इस्तीफ़े के बाद यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता दोनकूपर रॉय को मेघालय का नया मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया था.
इस बीच ख़बरें आ रही हैं कि 26 सदस्यों वाली कांग्रेस अब सरकार बनाने का दावा पेश करने की योजना बना रही है.


Click it and Unblock the Notifications