भारत के साथ सहयोग बढ़ाना चाहता है अमेरिका : हिलेरी
वाशिंगटन, 11 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने आश्वासन दिया है कि उनका देश वास्तव में भारत के साथ अफगानिस्तान से लेकर जलवायु परिवर्तन और आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष जैसे सभी मुद्दों पर सहयोग बढ़ाना चाहता है।
हिलेरी क्लिंटन ने विदेश सचिव शिवशंकर मेनन के साथ सोमवार को बेहद गर्मजोशी से भरी मुलाकात के दौरान यह आश्वासन दिया। राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल में भारत और अमेरिका के बीच यह पहली उच्चस्तरीय वार्ता है।
मेनन ने जहां मंगलवार को भी अपना राजनयिक कार्य जारी रखा वहीं विदेश विभाग के प्रवक्ता राबर्ट वुड ने इसे बहुत अच्छी और गर्मजोशी से भरी मुलाकात कहा।
मेनन ने अपने समकक्ष विदेश विभाग के अंडर सेकेट्ररी विलियम बर्न्स के साथ मंगलवार को द्विपक्षीय परमाणु समझौते पर भी चर्चा की।
मंगलवार को मेनन कई प्रभावशाली सांसदों से भी मिले। इनमें कांग्रेस में भारत-अमेरिका गुट के संस्थापक जिम मैक्डरमॉट, हाउस की विदेश समिति के डेमोक्रेट अध्यक्ष हावर्ड एल.बेरमैन, सीनेट की विदेश समिति के शीर्ष रिपब्लिकन सदस्य रिचर्ड जी.लुगार और हाउस की मध्य पूर्व और दक्षिण एशिया की उप समिति के अध्यक्ष गैरी एकरमैन शामिल हैं।
मेनन अपनी चार दिवसीय यात्रा का समापन बुधवार को पेंटागन के रक्षा अधिकारियों के साथ वार्ता करके करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications