हर तरफ उड़ रहा अबीर-गुलाल और जारी है होली का धमाल
मंगलवार की रात होलिका दहन के साथ ही होली का रंग छाने लगा था। बुधवार को सुबह से ही हर तरफ टोलियां नजर आने लगींऔर लोग एक दूसरे को रंग अबीर तथा गुलाल लगाने में जुटे हैं। राजधानी भोपाल से लेकर इन्दौर, ग्वालियर, जबलपुर सहित अन्य शहरों में होली का रंग हर तरफ गहरा रहा है।
बच्चों से लेकर महिलाएं और बुजुर्ग तक होली का मजा लेने में पीछे नहीं हैं। बैंड बाजे और गीतों की धुनों पर थिरकते युवा पूरे माहौल को रंगीन बनाए हुए हैं। गाड़ियों में घूमती युवाओं की टोलियां रास्ते से गुजरने वाले हर व्यक्ति को अपने रंग में रंगने का मौका हाथ से नहीं जाने दे रहीं।
राजधानी में होली के अवसर पर शान्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जगह जगह पुलिस बल की तैनाती की गई है। इतना ही नहीं पुलिस दल गश्त भी कर रहे हैं, हुड़दंगियों पर नजर रखी जा रही है ताकि किसी तरह की अप्रिय वारदात घटित न हो।
एक वर्ग ऐसा भी है जो रंग की बजाए तिलक होली खेल रहा है। तिलक होली खेलने वालों का कहना है कि यह अवसर पानी बचाने का है। इसलिए वे पानी बचाने के लिए ही तिलक होली खेल रहे है और लोगों से भी ऐसा ही करने की अपील कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications