विश्वासमत जीतने के लिए बीजद आश्वस्त
लोकसभा चुनाव में सत्ता साझेदारी के गठबंधन पर शनिवार रात वार्ता विफल होने के बाद भाजपा ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया।
147 सदस्यीय विधानसभा में बीजद के 61 सदस्य हैं और उसे विश्वासमत हासिल करने के लिए केवल 13 अन्य विधायकों के समर्थन की आवश्यकता है। भाजपा के 32 विधायक थे लेकिन उनमें से तीन ने इस्तीफा देकर सरकार का समर्थन करने की घोषणा की है।
बीजद महासचिव दामोदर राउत ने आईएएनएस से कहा कि पार्टी को बहुमत के लिए आवश्यक संख्या से अधिक विधायकों का समर्थन हासिल है। उन्होंने विधानसभा में बहुमत साबित करने का भरोसा जताया।
कांग्रेस के 38 विधायक हैं लेकिन उसने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। बीजद को झारखंड मुक्ति मोर्चा के चार, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के एक-एक, छह निर्दलियों और भाजपा के तीन विद्रोहियों का समर्थन हासिल है।
बीजद को भाजपा और कांग्रेस के कुछ विधायकों के सरकार के पक्ष में क्रास वोटिंग की भी उम्मीद है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।