ओबामा ने 'स्टेम सेल' पर रोक हटाई

अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने स्टेम सेल शोध के लिए सरकारी मदद को फिर शुरु करने का आदेश दिया है. पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने इस पर रोक लगाई थी. इसी के साथ स्टेम सेल के शोध और इस दिशा में वैज्ञानिक अनुसंधानों को वित्तीय मदद पर लगे आठ वर्ष पुराने प्रतिबंध का अंत हो गया है.
पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने धार्मिक संगठनों की माँग पर इस पर रोक लगा दी थी.पर वर्तमान राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि बुश का क़दम धार्मिक मान्यता और तार्किक विज्ञान के बीच धार्मिकता की ओर जाने वाला था जो कि ग़लत था.
उन्होंने कहा कि इसे वैज्ञानिक दृष्टि से देखा जाना चाहिए. साथ ही उन्होंने घोषणा की कि इस तरह के अनुसंधानों को राजनीतिक हस्तक्षेप के दायरे से बाहर किया जाएगा.
स्टेम सेल पर प्रतिबंध
बुश प्रशासन ने नौ अगस्त 2001 के बाद भ्रूण से लिए गए स्टेम सेल पर शोध के लिए सरकारी पैसे के इस्तेमाल पर रोक लगा दी थी. वैज्ञानिकों का कहना है कि स्टेम सेल के इस्तेमाल से चिकित्सा क्षेत्र में भारी कामयाबी मिल सकती है लेकिन धार्मिक संगठन नैतिकता के आधार पर इसका विरोध करते हैं.
ओबामा का कहना है कि ऐसे शोध राजनीतिक दखल से मुक्त होंगे.स्टेम सेल क्लिनिक में कृत्रिम तरीके से तैयार किए गए भ्रूण से निकाले जाते हैं जिनके विकसित होने की संभावना नहीं रहती है.धार्मिक संगठनों का इस बारे में तर्क था कि मानव भ्रूणों का इस तरह से इस्तेमाल नैतिकता के ख़िलाफ़ है.
अनुसंधान से लाभ
स्टेम सेल को विकसित कर इसे ज़रुरत के मुताबिक किसी भी मानव अंग के ऊतकों में परिवर्तित किया जा सकता है. ये हड्डियों, मांसपेशियों या मस्तिष्क की कोशिकाएँ हो सकती हैं.
एक भ्रूण से असीमित आपूर्ति हो सकती है क्योंकि सेल लाइन्स को लगातार बढ़ाया जा सकता है. शोधकर्ता स्टेम सेल निकालने के लिए भ्रूण पर निर्भरता को ख़त्म करने की भी कोशिश कर रहे हैं.
किसी भी अन्य कोशिकाओं से इसे विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं. पार्किंसन्स, एल्ज़ाइमर और डायबिटीज़ जैसी बीमारियों के उपचार में भी ये कारगर साबित हो सकती हैं.
मौजूदा राष्ट्रपति ओबामा ने चुनाव प्रचार के दौरान ही कह दिया था कि जीतने पर स्टेम सेल शोध के रास्ते में आ रही रुकावटों को वो ख़त्म कर देंगे. इससे पहले अमरीकी कांग्रेस ने दो बार स्टेम सेल को बढ़ावा देने के लिए प्रस्ताव पारित किए लेकिन तत्कालीन राष्ट्रपति बुश ने इन्हें वीटो कर दिया.


Click it and Unblock the Notifications